नयी दिल्ली , अप्रैल 20 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्रिप्टो हैकिंग और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कर्नाटक के 12 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

ईडी के बेंगलुरु जोनल कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई श्रीकृष्ण और उसके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर की जा रही है।

जांच कर्नाटक पुलिस द्वारा दर्ज कई प्राथमिकियों और आरोपपत्र के आधार पर शुरू की गयी थी, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वेबसाइटों की हैकिंग, बिटकॉइन की चोरी, जबरन वसूली और एनडीपीएस अधिनियम के उल्लंघन के आरोप शामिल हैं।

ईडी के अनुसार, आरोपियों द्वारा अपनाये गये तौर-तरीकों में वेबसाइट और वॉलेट हैक कर डिजिटल संपत्ति चोरी करना, डेटा और धन की चोरी, चोरी की गयी संपत्तियों को क्रिप्टो प्लेटफॉर्म पर बेचना, बैंक खातों के जरिए धन का लेन-देन (लेयरिंग) करना और इन पैसों का निजी लाभ के लिए उपयोग करना शामिल है।

तलाशी अभियान में बेंगलुरु के शांतिनगर से विधायक एन ए हैरिस के पुत्र मोहम्मद हारिस नलापाड़ और उमर फारूक नलापाड़ के आवास भी शामिल हैं।

जांच में सामने आया है कि ये दोनों श्रीकृष्ण रमेश के करीबी सहयोगी हैं और कथित अपराध से प्राप्त धन के प्रमुख लाभार्थियों में शामिल हैं।

मामले की आगे जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित