नोएडा , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 20 थाना पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्यारह लाख उनचास हजार से अधिक नकद रुपए , एक पीएनबी बैंक की चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-20 थाना पुलिस ने शुक्रवार को स्थानीय खुफिया की सहायता से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास सर्विस रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेर खान और अनुराग पारासरी के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी क्रिप्टो करेंसी में निवेश और उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसी क्रम में उन्होंने एक व्यक्ति से नकदी हासिल की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली, जिसमें से ग्यारह लाख उनचास हजार पांच सौ रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक पीएनबी बैंक की चेकबुक, डेबिट कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी उमेर खान (22) सेक्टर-50, नोएडा का निवासी है और बीबीए स्नातक है, जबकि अनुराग पारासरी (22) मूल रूप से बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र का निवासी है तथा वर्तमान में सेक्टर-128, नोएडा में रह रहा है। वह बी.कॉम स्नातक है।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस पूरे प्रकरण में दो अन्य साथी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस संबंध में सेक्टर 20 थाना में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, पीड़ितों की संख्या तथा गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्रिप्टो करेंसी या किसी भी प्रकार के निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक प्रस्तावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित