अगरतला , अगस्त 02 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने त्रिपुरा में क्रिकेट सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े एक धनशोधन मामले में लगभग 1.05 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि अगरतला उप-जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत एक कुर्की आदेश के माध्यम से यह कार्रवाई की। कुर्क संपत्तियों में नौ अचल तथा आरोपी प्रसेन्नजित पाल, उसके कथित सहयोगी लक्ष्मण पॉल और उनके परिजनों के नाम पर यहां के विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।
ईडी की जांच की शुरुआत आमतली थाने में भारतीय दंड संहिता और त्रिपुरा जुआ अधिनियम, 1926 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर हुई। यह मामला 11 मई 2023 को यहां के बाहरी इलाके में स्थित प्रसेन्नजीत के घर पर पुलिस की छापेमारी के बाद सामने आया था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 93 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड और सट्टेबाजी के रिकॉर्ड वाली 17 नोटबुक बरामद की थीं। जांच में आरोप है कि प्रसेन्नजित अपने मामा लक्ष्मण पाल और अन्य सहयोगियों की मदद से आईपीएल तथा अन्य क्रिकेट मैचों पर सुनियोजित सट्टेबाजी गिरोह चला रहा था। एजेंसी के अनुसार, लक्ष्मण पाल और उनकी पत्नी झूमा डे के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं होने के बावजूद कई बैंक खाते और अचल संपत्तियां थीं।
ताजा कुर्की में त्रिपुरा की कृषि एवं आवासीय भूमि, कोलकाता स्थित एक संपत्ति तथा विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि शामिल है, जिन्हें कथित तौर पर अधिकांशत नकद लेनदेन के जरिए खरीदा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित