बागपत , जून 6 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बावली गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक राशिद की दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक की पत्नी नवाल के अनुसार, चार जून को गांव के मैदान में कुछ युवक क्रिकेट मैच खेल रहे थे। इसी दौरान खिलाड़ियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने राशिद के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मैदान में गिर पड़ा।

परिजनों ने घायल राशिद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के एक उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। पिछले दो दिनों से वह वेंटिलेटर पर भर्ती था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद शनिवार को उसकी मृत्यु हो गई।

बड़ौत क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंशु जैन ने बताया कि घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पहले ही मारपीट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब घायल युवक की मौत हो जाने के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित