सिडनी , सितंबर 08 -- क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने मंगलवार को बिग बैश लीग (बीबीएल) और महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में निजी निवेश लाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत मेलबर्न रेनेगेड्स बिक्री की प्रक्रिया से गुजरने वाला पहला क्लब बनने जा रहा है।
सीए ने रेनेगेड्स के लिए निजी निवेशकों से बोलियां आमंत्रित करेगा। ताकि क्लब 2027-28 सीज़न में नए मालिक के साथ खेल सके। इस कदम से दूसरे बीबीएल क्लबों के लिए भी रास्ता खुल सकता है, हालांकि आगे की बिक्री पर 'सेल्फ़-डिटरमिनेशन मॉडल' (खुद फैसला लेने का मॉडल) के तहत विचार किया जाएगा, जिसमें हर राज्य का सदस्य अपने क्लब और समुदाय के लिए सबसे अच्छा रास्ता तय कर सकता है।
इस अवसर पर सीए के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने कहा, "क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उसके राज्य सदस्य बीबीएल और डब्ल्यूबीबीएल में निवेश करने और उन्हें बढ़ाने, साथ ही हर स्तर पर क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हैं। बिग बैश लीग में निजी निवेश के लिए दरवाजे खोलकर, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया खेल के लंबे समय के भविष्य को मजबूत और सुरक्षित करने की दिशा में एक सोच-समझकर उठाया गया कदम उठा रहा है। रेनेगेड्स के लिए बिक्री की प्रक्रिया शुरू करने से हमें अपने सदस्यों के लिए 'सेल्फ़-डिटरमिनेशन मॉडल' की दिशा में पहला कदम उठाने का मौका मिलता है और यह खेल के लिए एक अहम पल है।"क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ़ तौर पर कहा कि बोर्ड और उसके राज्य सदस्य ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट से जुड़े अहम मामलों पर काफ़ी हद तक अपना कंट्रोल बनाए रखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित