भोपाल , जून 15 -- मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के तत्वावधान में भोपाल संभाग क्रिकेट संघ द्वारा अंडर-15 बालक वर्ग के लिए खुली चयन परीक्षण प्रक्रिया का आयोजन डीपीएस स्कूल खेल मैदान, नीलबड़ में किया गया। चयन प्रक्रिया में 486 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

चयन परीक्षण प्रातः 7:30 बजे प्रारंभ हुआ। खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनकी खेल क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ से आए चयनकर्ताओं नितिन कुलकर्णी और जफर खान द्वारा किया गया। आयोजन में खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। चयन प्रक्रिया को लेकर प्रतिभागियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखा गया।

भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के अनुसार चयनित खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार कर मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ को भेजी जाएगी। इसके बाद भोपाल संभाग के चयनित खिलाड़ियों की जानकारी संभाग के सचिव शांति कुमार जैन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अन्य संभागों के चयनित खिलाड़ियों की जानकारी भी संबंधित संभाग एवं जिला क्रिकेट संघों को उनके सचिवों के माध्यम से भेजी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित