भोपाल , मई 3 -- मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभा क्रांति गौड़ का भारतीय महिला टी-20 टीम में चयन हो गया है। आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में उन्हें शामिल किया गया है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह टूर्नामेंट 12 जून से प्रारंभ होगा।

बताया जा रहा है कि क्रांति गौड़ का चयन उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उन्होंने घरेलू प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का विश्वास अर्जित किया है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय टीम में स्थान मिला है।

इंग्लैंड में आयोजित इस महिला टी-20 प्रतियोगिता में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जो खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। क्रांति गौड़ ने हाल के वर्षों में अपनी बल्लेबाजी और अनुशासित खेल से अलग पहचान बनाई है और वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।

प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस उपलब्धि पर क्रांति गौड़ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित