हवाना/मास्को , अप्रैल 01 -- ईंधन संकट से जूझ रहे क्यूबा को रूस से बड़ी राहत मिली है। रूसी तेल टैंकर द्वारा कच्चे तेल की आपूर्ति किए जाने पर क्यूबा के विदेश मंत्रालय ने आभार व्यक्त किया है और इसे गंभीर ऊर्जा संकट के बीच महत्वपूर्ण सहायता करार दिया है।

क्यूबा के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को 'एक्स' पर जारी एक बयान में कहा, "हम रूसी सरकार और जनता के प्रति उनके एकजुटता समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हैं।" मंत्रालय ने इसे अमेरिका द्वारा लगाए गए "ऊर्जा अवरोध" के बीच मिली अहम मदद बताया।

इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि वह क्यूबा को ईंधन आपूर्ति पर कड़े प्रतिबंध लागू नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "अगर कोई देश क्यूबा को तेल भेजना चाहता है, तो हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है, चाहे वह रूस ही क्यों न हो।"व्हाइट हाउस ने भी स्पष्ट किया कि रूसी टैंकर को क्यूबा में तेल पहुंचाने की अनुमति देना अमेरिकी प्रतिबंध नीति में किसी बदलाव का संकेत नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित