हैदराबाद , अक्टूबर 17 -- तेलंगाना पुलिस की हैदराबाद सेंट्रल क्राइम स्टेशन (सीसीएस) पुलिस ने क्यूनेट के पार्टनर और प्रमोटर दिग विजय सिंह को शनिवार को नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, वह कथित तौर पर दुबई जाने की कोशिश कर रहा था। सिंह को क्यूनेट और विहान डायरेक्ट सेलिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बड़े वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में हिरासत में लिया गया है।

हैदराबाद पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आरोपी संख्या ए-11 के रूप में चिह्नित सिंह को लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया। इसके बाद सीसीएस के डिटेक्टिव विभाग की एक विशेष टीम ने टर्मिनल-3 स्थित आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

मामला उन आरोपों से संबंधित है कि क्यूनेट और उसके सहयोगियों ने मल्टी-लेवल मार्केटिंग, बाइनरी बिजनेस मॉडल और ई-कॉमर्स गतिविधियों के जरिये लोगों को आकर्षक कमीशन, ऊंचे रिटर्न और विदेश यात्राओं का प्रलोभन देकर बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

जांचकर्ताओं का आरोप है कि सिंह क्यूनेट नेटवर्क में वी-पार्टनर और एक प्रमुख सदस्य था। वह दुबई से कंपनी से जुड़ी कारोबारी गतिविधियां संचालित करता था और जूम बैठकों तथा सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कथित योजना का प्रचार करता था।

पुलिस विदेशी नागरिकों की संभावित संलिप्तता और सीमा पार संबंधों की भी जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान सिंह के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

सिंह को दिल्ली की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे हैदराबाद की संबंधित अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड मंजूर की गयी। जांच एजेंसी ने कहा कि वह आरोपी की कथित भूमिका, वित्तीय लेनदेन और इस योजना से जुड़े अन्य लोगों की गतिविधियों की पड़ताल के लिए उसकी पुलिस हिरासत मांगेगी।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न मामलों की जांच से संकेत मिलता है कि कथित धोखाधड़ी का दायरा लगभग 10,000 करोड़ रुपये तक हो सकता है और इससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। हैदराबाद सीसीएस द्वारा जांचे जा रहे मामलों में अब तक 43 पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनसे जुड़े मामलों में करीब पांच करोड़ रुपये की राशि शामिल है।

पुलिस ने बताया कि विहान डायरेक्ट सेलिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के एक बैंक खाते में मौजूद चार करोड़ रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित