देहरादून , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड के देहरादून में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित त्वरित कार्य दल (क्यूआरटी) ने शहर के व्यस्ततम इलाके में एक बंद पड़े पेट्रोल पम्प से अवैध रूप से भंडारित एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात 12:00 बजे से रविवार तड़के 04:00 तक चली जिला प्रशासन की क्यूआरटी की छापेमारी में 32 सिलेंडर, चार गैस रिफिलिंग उपकरण जब्त किए जाने के साथ ही, मौके पर 327 सिलेंडरों से लदा वाहन भी पकड़ा गया है।

जिला अधिकारी सवीन बंसल ने आज बताया कि निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के निकट एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जाने की सूचना मिली। इस पर क्यूआरटी टीम ने देर रात लगभग 12:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि छापेमारी में मौके से कुल 27 घरेलू, चार छोटे तथा एक व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त मौके पर एक वाहन में 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे, को भी कब्जे में लिया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित