कौशाम्बी , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में गुरुवार देर रात तेज आंधी और बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई। जिलेभर में बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए, टहनियां टूटकर उड़ गईं तथा कई स्थानों पर छप्पर और टीनशेड क्षतिग्रस्त हो गए। तेज आंधी के कारण आम और महुआ की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के दूनी तिवारी का पुरवा गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक कच्चे मकान पर नीम का हरा पेड़ गिर गया, जिससे मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। हादसे में मलबे में दबकर मां समेत दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा गुरुवार मध्य रात्रि के बाद हुआ। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय माया देवी, उसके चार वर्षीय पुत्र अनुभव और तीन वर्षीय पुत्री श्वेता के रूप में हुई है। वहीं पांच वर्षीय पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आंधी के चलते जिले में 25 प्रतिशत से अधिक आम के फल पेड़ों से टूटकर गिर गए, जबकि महुआ की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित