कौशांबी , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार छोटा अड़हरा गांव निवासी भारतलाल यादव (30) ने कई वर्ष पहले गांव की ही एक युवती को भगाकर विवाह कर लिया था। घटना के बाद से वह गांव नहीं आता था, लेकिन कुछ दिन पहले वापस गांव आया था। रविवार देर शाम भारतलाल घर से बाहर टहल रहा था। इसी दौरान युवती के पिता अशोक पांडेय अपने तीन पुत्रों के साथ लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस होकर वहां पहुंचे और भारतलाल को घेरकर हमला कर दिया। हमले में कुल्हाड़ी की गंभीर चोट लगने से भारतलाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले में तीन नामजद तथा एक अज्ञात सहित चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित