कौशांबी , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में महेवा घाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलवारा झील पर मछलियों की रखवाली कर रहे एक मजदूर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद निवासी बरम दीन (45) कई वर्षों से पौर काशी रामपुर गांव में रहकर अलवारा झील में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह अपने दो साथियों धर्मपाल और बवाली के साथ झील में मछलियों की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बरम दीन को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक के साथी धर्मपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरा साथी बवाली फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित