कौशांबी , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में सोमवार को गांव के बाहर एक युवक का शव बाग में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सैनी थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुर, मजरा थुल गुला स्थित एक बाग में सोमवार सुबह पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अमित सरोज (30) के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि अमित की हत्या करने के बाद शव को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से पेड़ से लटका दिया गया।
थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित