कौशांबी , अप्रैल 2 -- कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के बरियावां गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरियावां गांव निवासी शिवकरन का गांव के ही रामानंद, राम सजीवन आदि से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान शिवकरन (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित