कौशांबी , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नेवादा गांव में बालू भंडारण के लिए एक गहरा गड्ढा खोदा गया था। बुधवार को हुई तेज बारिश के कारण गड्ढे में काफी मात्रा में पानी भर गया था। गुरुवार दोपहर दीपांशु (9), पुत्र राजेश, और आदित्य (7), पुत्र राकेश, गड्ढे के पास खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खुले और असुरक्षित गड्ढों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित