कौशांबी , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ई-रिक्शा चालक परसरा गांव से छह सवारियों को लेकर चरवा जा रहा था। रास्ते में बेरूवा चौराहे के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बरक्कत गांव निवासी विमला देवी (45) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं छह वर्षीय सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पर पहुंची चरवा थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल सिद्धार्थ को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित