कौशांबी , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को निर्माणाधीन विद्यालय की सीढ़ी की शटरिंग ढह जाने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि करारी थाना क्षेत्र के बजहा खुर्रमपुर गांव में डीएमडीपी हायर सेकेंडरी स्कूल का भवन निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर प्रेमचंद (22) सीढ़ी की शटरिंग खोलने का कार्य कर रहा था। शटरिंग हटाते समय अचानक सीढ़ी भरभराकर गिर गई, जिससे वह मलबे के नीचे दब गया। घटना के बाद अन्य मजदूरों ने उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के भाई ने विद्यालय प्रबंधन और निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भाई की मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित