कौशांबी , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 18 अप्रैल को ग्राम उसरैना में सोनाली शर्मा (25) की घर के बेसमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सिराथू, थाना सैनी पुलिस तथा फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया। मृतका की मां रीता देवी की तहरीर पर दहेज प्रताड़ना तथा पति के अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका में पति अमन और सास गीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पता चला कि मृतका ने घटना से कुछ घंटे पहले अपने भाई को व्हाट्सएप पर ऑडियो संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपनी बेटी का ख्याल रखने को कहा था और मोबाइल का पासवर्ड भी साझा किया था। जांच में बंद संदूक से मृतका का मोबाइल फोन और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना का उल्लेख था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मृत्यु की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि पति के विवाहेत्तर संबंधों से परेशान होकर मृतका ने तमंचे से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या की थी। पुलिस के अनुसार घटना के बाद सास ने प्रयुक्त तमंचा छिपा दिया था।

पुलिस ने 19 अप्रैल को आरोपी पति अमन और सास गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित