कौशांबी , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित एक मजार पर झाड़-फूंक की आड़ में धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को चार मौलवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मजार पर धर्मांतरण गतिविधियों की शिकायत को लेकर नौ जुलाई को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान मजार परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी हुई थी।

शिकायतकर्ता चंदन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि करीब दो माह पूर्व वह अपनी व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए मजार पर गया था, जहां मौजूद मौलवियों ने उससे 500 रुपये लेकर झाड़-फूंक कर एक बोतल पानी दिया था। आरोप है कि नौ जुलाई को दोबारा मजार पर जाने पर उससे पांच हजार रुपये की मांग की गई और कलमा पढ़कर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। साथ ही कहा गया कि ऐसा करने पर उसकी सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद शिकायतकर्ता चंदन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार मौलवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित