कौशांबी , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शनिवार को प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक डीजल भरे टैंकर और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टैंकर में लीकेज होने से करीब 500 लीटर डीजल सड़क पर फैल गया।
पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि यह दुर्घटना कल्याणपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुई, जब विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम से टैंकर की टक्कर हो गई। टैंकर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन लीकेज के चलते बड़ी मात्रा में डीजल बहकर सड़क पर फैल गया।
डीजल बहने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग डिब्बे और बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंच गए और डीजल भरने की होड़ लग गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल लोगों को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में टैंकर को नजदीकी पेट्रोल पंप पर ले जाकर सुरक्षित तरीके से खाली कराया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित