कौशांबी , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से तराई क्षेत्र में बोई गई जायद की फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अफजलपुर सातो, कंथुआ, लेहदरी, कड़ा, शहजादपुर, पल्हना, तरसौरा और परसखी समेत दर्जनों गांवों के किसानों ने गंगा किनारे तराई क्षेत्र में लौकी, कोहड़ा, तरबूज, खरबूज, ककरी और करेला जैसी फसलें बोई थीं। मंगलवार रात से गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण ये फसलें पानी में डूब गईं।

किसानों का कहना है कि अचानक जलस्तर बढ़ने से उनकी सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से बड़ा नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित