कौशांबी , जून 27 -- कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर कार की टक्कर से दो मोटरसाइकिलों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मिर्जापुर निवासी सोनू राय अपनी कार से मूरतगंज से मंझनपुर की ओर जा रहा था। बिसारा ओवर ब्रिज के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बजहा गांव निवासी राकेश केसरवानी की बाइक में टकरा गयी। इस हादसे में राकेश उसकी पत्नी सुनीता और पुत्र कृष्णा सड़क में गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद कार दूसरी बाइक से टकरा गई जिसमें बाइक सवार अहमदपुर गांव निवासी विनोद यादव 40 गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित