कौशांबी , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की पुलिस ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यस्था दुरुस्त करने को लेकर कमर कस ली है। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने रविवार को पुलिस कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कांवड़ जत्था संयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और यात्रा के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में दौरान श्रीमती सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और इसे अनुशासन, सौहार्द और कानून के दायरे में रहकर संपन्न कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में शासन के निर्धारित मानकों का पालन करने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।
उन्होंने जत्था संयोजकों से यात्रा के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने और प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में रहने की अपील की। एएसपी ने कहा कि पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर तैयार है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित