कौशांबी , जुलाई 03 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर गत 26 जून को एलपीजी गैस टैंकर में लगी भीषण आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे दो और घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में कुल सात लोग झुलस गए थे, जिनमें टोल प्लाजा के चार कर्मचारी शामिल थे। मृतकों में टैंकर चालक धर्मेंद्र दुबे (40) तथा टोल कर्मचारी आलोक सिंह की घटना वाले दिन ही मौत हो गई थी। इसके बाद टोल कर्मचारी हंडिया निवासी अनिल कुमार ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

गुरुवार को उपचार के दौरान रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी हीरामणि सिंह (29) तथा मध्य प्रदेश के सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के कठैली गांव निवासी कृष्णपाल मौर्य (23) की भी मृत्यु हो गई।

उल्लेखनीय है कि 26 जून को सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी गैस टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें भीषण आग लग गई थी। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा शेष घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित