चंडीगढ़ , जून 20 -- हरियाणा में सिरसा से सांसद कुमारी सेलजा ने राज्य सरकार पर कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव 2024 से पहले करीब 1.20 लाख कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन आज कर्मचारियों को स्थायी करना तो दूर बड़ी संख्या में उन्हें सेवा से बाहर किया जा रहा है और कई कर्मचारियों को महीनों तक वेतन नहीं मिल रहा।
सुश्री सैलजा ने कहा कि प्रदेश में दो लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं। इसके बावजूद वर्षों से विभिन्न विभागों में कार्यरत कौशल रोजगार कर्मचारी अस्थायी व्यवस्था के सहारे भविष्य तलाशने को मजबूर हैं। सरकार यदि वास्तव में कर्मचारियों और युवाओं के हितों के प्रति गंभीर है तो रिक्त पदों को भरने के साथ-साथ लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों कर्मचारी ऐसे हैं जो 15 से 17 वर्षों से विभिन्न व्यवस्थाओं के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं और अब उनकी आयु 40 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है। इनमें से अनेक कर्मचारी 15 हजार से 22 हजार रुपये मासिक वेतन पर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई और शिक्षा, स्वास्थ्य व आवास पर बढ़ते खर्चों के बीच इतनी आय में परिवार चलाना बेहद कठिन हो गया है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि हाल के दिनों में एचआरए सहित कर्मचारियों के कई लंबित मामलों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है, जिससे साफ है कि कर्मचारी वर्ग में असंतोष बढ़ रहा है। सरकार को कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं को समझते हुए उनकी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है। इसलिए कर्मचारियों को अस्थिरता, अनिश्चितता और आर्थिक कठिनाइयों में धकेलने के बजाय सम्मानजनक वेतन, समय पर भुगतान और रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सांसद ने मांग की कि सरकार कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करे, लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करे, रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाए और लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए स्पष्ट नीति घोषित करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित