चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर्सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने 21 अगस्त को कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा दिये गये पंजाब बंद के आह्वान को अपनी संस्था की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। कौमी इंसाफ मोर्चा बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ सीमा पर लंबे समय से धरना दे रहा है।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सोमवार को कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई और 15 अगस्त को मोर्चे द्वारा निकाले गये शांतिपूर्ण मार्च के दौरान कथित बल प्रयोग तथा मोर्चे के नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों के विरोध में 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बंदी सिंहों को रिहा करने से इनकार करने के साथ-साथ उनकी रिहाई की मांग उठाने वाली आवाजों को बल प्रयोग और मामले दर्ज करके दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने पंजाब के न्यायप्रिय लोगों से 21 अगस्त के पूर्ण बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बंद के माध्यम से सरकार के कथित दमनकारी रवैये के खिलाफ मजबूत संदेश दिया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित