मोहाली , अगस्त 14 -- कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से 15 अगस्त को दिये गये 'चंडीगढ़ कूच' के आह्वान के मद्देनजर मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।

मोर्चे के आह्वान के तहत शनिवार दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनकारी मोहाली से चंडीगढ़ की ओर कूच करेंगे। इसमें पंजाब की विभिन्न सिख जत्थेबंदियों, 'वारिस पंजाब दे' और अन्य स्थानीय संगठनों के शामिल होने की बात कही गयी है।

सुरक्षा के मद्देनजर मोहाली से चंडीगढ़ जाने वाले करीब पांच प्रमुख रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। खासतौर पर वाईपीएस चौक और जेल रोड पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गये हैं। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग करने के साथ ही वाटर कैनन और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गयी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारियों ने भी बॉर्डर क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गौरतलब है कि कौमी इंसाफ मोर्चा की मुख्य मांग जेलों में अपनी सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई है। इस मांग को लेकर मोर्चा लंबे समय से मोहाली के वाईपीएस चौक पर मोर्चा लगाये हुए है। इससे पहले भी मोर्चे की ओर से कई बार चंडीगढ़ कूच का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों को मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर ही रोक दिया गया था।

बता दें कि करीब 15 से 20 दिन पहले भी 'वारिस पंजाब दे' के नेतृत्व में चंडीगढ़ कूच किया गया था, जिसमें प्रदर्शनकारी पंजाब के राज्यपाल आवास से करीब एक किलोमीटर की दूरी तक पहुंच गये थे। अब 15 अगस्त को चंडीगढ़ घेराव के आह्वान के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा घेरा और अधिक मजबूत कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित