हाजीपुर , सितंबर 18 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर कौनहारा घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह की व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुचारु बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे, वैशाली मुनेश कुमार द्वारा विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर मरम्मती कार्य की प्रगति एवं शवदाह प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्युत शवदाह गृह में चल रहे मरम्मती कार्य की विस्तृत जानकारी ली गई तथा कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। मरम्मती कार्य निरंतर जारी है और आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

विद्युत शवदाह गृह के कार्यशील होने से आमजन को शवदाह के लिए अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, विद्युत शवदाह की सुविधा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने विद्युत शवदाह गृह की व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ-साथ शवदाह प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित शुल्क के अनुपालन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।

इसी क्रम में निरीक्षण के दौरान शवदाह के लिए अग्नि के लिये निर्धारित राशि, उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री तथा उनके निर्धारित दरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। जांच के क्रम में निर्धारित राशि के अतिरिक्त किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि लिए जाने की बात सामने नहीं आई।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मृतक के परिजनों को शवदाह प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो तथा निर्धारित शुल्क एवं उपलब्ध सेवाओं के संबंध में स्पष्ट और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सुगम, सम्मानजनक एवं पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

कौनहारा घाट विद्युत शवदाह गृह के मरम्मती कार्य को शीघ्र पूर्ण कर इसे सुचारु रूप से संचालित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित