रामनगर , मार्च 05 -- उत्तराखंड में रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले अपर कोसी बीट रिंगोड़ा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब कोसी नदी में एक महीने के हाथी के बच्चे का शव तैरता हुआ मिला।
स्थानीय लोगों द्वारा नदी में शव तैरते हुए देखे जाने के बाद इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर रेंज के रेंज अधिकारी शेखर तिवारी वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने नदी से हाथी के बच्चे के शव को बाहर निकाला और उसे जांच के लिए रामनगर लाया गया।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को विभाग को सूचना मिली थी कि रिंगोड़ा क्षेत्र के अपर कोसी बीट में कोसी नदी में एक हाथी के बच्चे का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि मृत हाथी के बच्चे की उम्र लगभग एक महीने के आसपास आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर टाइगर के पंजों के स्पष्ट घाव दिखाई दे रहे हैं, इससे संभावना जताई जा रही है कि टाइगर के हमले में हाथी के इस शिशु की मौत हुई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित