बैतूल , सितंबर 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल के खनिज विभाग की टीम ने सोमवार को बैतूल तहसील के ग्राम कोसमी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय भूमि के एक हिस्से में बिना वैधानिक अनुमति के रेत और गिट्टी का अवैध भंडारण पाए जाने पर खनिज अमले ने कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान मौके पर माप करने पर 270 घन मीटर खनिज रेत तथा 64 घन मीटर खनिज गिट्टी का भंडारण पाया गया। जांच में संबंधित खनिज के भंडारण के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति नहीं होने की पुष्टि होने पर जांचकर्ता अधिकारी ने दोनों खनिजों को विधिवत जब्त कर लिया।

खनिज विभाग के अनुसार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। विभागीय अमले ने मौके का निरीक्षण कर भंडारित खनिज की मात्रा का मापन किया और पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

अधिकारियों के अनुसार कुल 334 घन मीटर खनिज का अवैध भंडारण पाया गया है। मामले में अवैध भंडारणकर्ता के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

खनिज विभाग द्वारा प्रकरण तैयार कर न्यायालय अपर कलेक्टर, बैतूल के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। न्यायालय में प्रकरण की सुनवाई के बाद नियमानुसार अर्थदंड सहित अन्य कार्रवाई का निर्धारण किया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। जनसुनवाई अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर भी संबंधित क्षेत्रों में जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित