सहरसा , सितंबर 22 -- बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को पूर्णिया में करायी जाएगी।

निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है।

प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार ने आज यहां आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्र में 22 सितंबर से 31 अक्टूबर तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।

श्री कुमार बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गयी है। मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

आयुक्त ने बताया कि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई और बांका समेत कुल 14 जिले शामिल हैं। इन जिलों में कुल 181 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,34,593 मतदाता हैं। इनमें 1,02,554 पुरुष, 32,034 महिला और चार ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

श्री कुमार ने कहा कि निर्वाचन को स्वच्छ, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले कर्मियों के लिए सभी संबंधित जिलों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित अन्य जानकारियां समय-समय पर उपलब्ध करायी जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित