कोल्हापुर , जुलाई 24 -- राष्ट्रीय राजधानी में छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाले वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) द्वारा 'महाराष्ट्र बंद' का आह्वान किया था, जिसे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) का समर्थन भी प्राप्त था लेकिन कोल्हापुर शहर और जिले में बंद बेअसर राहा।

कोल्हापुर जिले की वीबीए इकाई के कार्यकर्ता गुरुवार को टाउन हॉल इलाके में छत्रपति शाहू महाराज की समाधि स्थल पर इकट्ठा हुए और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ नारे लगाते हुए एक मोर्चा निकाला। साथ ही, उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।

वीबीए कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों एवं स्थानीय कारोबारियों से भी अपील की कि वे विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में अपनी दुकानें बंद रखें।

बंद के बावजूद आवश्यक सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहीं। कोल्हापुर नगर परिवहन (केएमटी) की सिटी बसों सहित सार्वजनिक परिवहन सुचारु रूप से संचालित होता रहा। राज्य परिवहन (एसटी) की बसें भी सामान्य रूप से चलती रहीं। वहीं, ऑटो-रिक्शा और निजी वाहनों का आवागमन भी बिना किसी बाधा के जारी रहा।

वीबीए कार्यकर्ताओं की अपील के बाद, शहर के व्यस्त केंद्रीय बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ दुकानदारों एवं कारोबारियों ने कुछ समय के लिए अपने शटर नीचे कर लिए। इसके अलावा, शहर में सभी गतिविधियां पूरी तरह से सामान्य रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित