चंडीगढ़ , अक्टूबर 07 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को पंजाब कोल्ड स्टोरेज मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनकी जायज मांगों के समाधान का भरोसा दिया। बैठक में एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कृषि एवं बागवानी उत्पादों के भंडारण में कोल्ड स्टोरेज की भूमिका और इन इकाइयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
श्री भगत ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज किसानों की उपज को सुरक्षित रखने और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी क्षेत्र से जुड़े इस बुनियादी ढांचे को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन की मांगों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों और बागवानोंके कल्याण तथा बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
बैठक में बागवानी विभाग के अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद, निदेशक मनीष कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित