नयी दिल्ली , जून 06 -- कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप ए लीग मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को शनिवार को 10 रन से रोमांचक शिकस्त दी।

टॉस जीतकर ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दीपक पुनिया ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्हें सिद्धांत जून (43 रन) और अरुण छपराना (42 रन) का अच्छा साथ मिला, जबकि मनीष सहरावत 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।

239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से सुजल सिंह ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 54 गेंदों में 111 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 6 छक्के शामिल थे। अश्विनी चिल्लर ने भी 57 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन कोलाज स्पोर्ट्स क्लब के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को 20 ओवर में 228/4 पर रोकते हुए मुकाबला 10 रन से अपने नाम कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित