कोलकाता , जुलाई 30 -- कोलकाता महानगर के साल्ट लेक इलाके में गुरूवार सुबह एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने आवास के अंदर मृत पाये गये।

विधाननगर मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के साल्ट लेक के एई ब्लॉक आवास के अंदर बुजुर्ग दंपत्ति मृत पाये गये। पुलिस ने कमरे से चूहे मारने के जहर की एक बोतल बरामद की है। बोतल पर जहर का निशान बना हुआ था।

पुलिस ने दंपत्ति की पहचान सजल कुमार कुंडू (64) और उनकी पत्नी रंजना (61) के रूप में की है।

पुलिस ने बताया कि दंपत्ति का बेटा सिद्धार्थ कुंडू एक ड्राइवर है। वह बुधवार को अपनी पत्नी के साथ उल्टाडांगा स्थित अपने ससुराल गया था। उसने बुधवार की रात करीब 10 बजे आखिरी बार अपने माता-पिता से बात की थी।

बुजुर्ग दंपत्ति को गुरुवार सुबह फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला। उनके दोनों फोन बंद थे। तब बेटे ने एक पड़ोसी से जाकर देखने का अनुरोध किया। पड़ोसी ने घर के बाहर से आवाज दी, पर उसे कोई जवाब नहीं मिला। उसने स्थानीय निवासियों, बेटे और पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। पुलिस की टीम घर पहुंची। बुजुर्ग दंपत्ति के बेटे सिद्धार्थ ने घर में प्रवेश करने के लिए एक अतिरिक्त चाबी का उपयोग किया। इसके बाद शयनकक्ष का दरवाजा खोला गया, तो दंपत्ति बिस्तर पर मृत पड़े मिले।

विधाननगर मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "कमरे से चूहे के जहर की बोतल जैसी एक बोतल बरामद की गयी है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हमने असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।"पुलिस ने कहा कि मौत के सटीक कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा। उन्हें संदेह है कि दंपत्ति की मौत जहर खाने से हुई होगी , लेकिन इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

सिद्धार्थ ने बताया कि उसकी मां को कैंसर हुआ था, लेकिन अब वह ठीक हो गयी थीं।

साल्ट लेक में कई बुजुर्ग लोग रहते हैं। कई घरों में वे अकेले ही रहते हैं। इस पॉश टाउनशिप में बुजुर्गों के अपने घरों में मृत पाये जाने की यह पहली घटना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित