कोलकाता , नवंबर 09 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में काली पूजा की रात नियमों का उल्लंघन करने और हुड़दंग मचाने के आरोप में 592 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रविवार रात शोर करने वाले पटाखे जलाने के आरोप में 205 लोगों को और उपद्रव करने के मामले में 387 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल गिरफ्तारियों की संख्या 592 हो गई है। इस अभियान में अधिकारियों ने 238.6 किलोग्राम शोर करने वाले पटाखे और छह लीटर शराब भी जब्त की है।

इस बीच यातायात पुलिस ने पूरे शहर में कड़ी निगरानी रखी और बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने, लापरवाही से गाड़ी चलाने और शराब के नशे में गाड़ी चलाने जैसे अपराधों के लिए 593 लोगों को गिरफ्तार किया।

प्रशासन चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई घटना के बाद काली पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क रहा। नियमों के उल्लंघन को रोकने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कड़े निर्देश लागू किए गए थे। पटाखे जलाने के लिए समय-सीमा तय की गई थी लेकिन शोर करने और तेज आवाज वाले पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध था। आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल रात 8 बजे से 10 बजे के बीच ही पटाखे जलाने की अनुमति थी। लेकिन इन प्रतिबंधों का जमकर उल्लंघन किया गया और काली पूजा की पूरी शाम और रात कोलकाता में शोर करने वाले आतिशाबाजी जारी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित