कोलकाता , मई 20 -- कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी (दो-दो विकेट ) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद मनीष पांड़े (45) और रॉवमन पॉवेल (40) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने बुधवार को वर्षा प्रभावित मुकाबले में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 65वें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस को सात गेंदें शेष रहते चार विकेट से हराया। इस जीत के साथ केकेआर के 13 अंक हो गये और वह अंक तालिका में छठें स्थान पर पहुंच गई है और उसके प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीद है।

केकेआर ने मुम्बई इंडियंस को चार विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। पावर प्ले में तीन विकेट गंवा चुकी केकेआर के लिए मनीष पांडे ने और रॉवमन पॉवेल ने टीम के लिए जीत की नींव रख दी। मुम्बई इंडियंस के लिए कॉर्बिन बॉश ने जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने 18 गेंद पर नाबाद 32 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी में भी 3 विकेट लिए। हालांकि इसके बावजूद उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की टीम अब 13 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर आ गई है। उन्हें अब अपना आखिरी लीग मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी जीतना होगा। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को पहले ही ओवर में दीपक चाहर ने फिन ऐलन (10) को आउट कर मुम्बई को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मनीष पांड़े ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। छठें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने अंजिक्य रहाणे 17 गेंदों में (21) को आउटकर कोलकाता को दूसरा झटका दिया। आठवें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने कैमरन ग्रीन (चार) का शिकार कर लिया। ऐसे संकट के समय रोवमन पॉवेल ने मनीष पांड़े के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मनीष पांडे को आउट कर कोलकाता को बड़ा झटका दिया। मनीष पांडे ने 33 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 45 रन बनाये। अगले ही ओवर में ए गजनफर ने रॉवमन पॉवेल को अपना शिकार बना लिया। पॉवेल ने 30 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 40 रनों की पारी खेली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.5 ओवरों में छह विकेट पर 148 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम किया। रिंकू सिंह ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई और प्ले ऑफ की उम्मीद को बरकरार रखा।

आज यहां इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुम्बई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रनों के स्कोर पर रोक दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावर प्ले में 41 के स्कोर तक अपने शुरुआती चार विकेट गंवा दिये। रायन रिकलटन (छह) और नमन धीर (शून्य) को तीसरे ओवर में कैमरन ग्रीन ने आउट किया। अगले ओवर में सौरभ दूबे ने रोहित शर्मा (15) को अपना शिकार बना लिया। छठें ओवर में दूबे ने सूर्यकुमार यादव (20) को आउट कर मुम्बई को संकट में डाल दिया। इसके बाद आठवें ओवर में बारिश होने के कारण खेल को रोकना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित