नयी दिल्ली , जून 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आयुष मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस वर्ष का राष्ट्रीय कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित किया जायेगा, जहां श्री मोदी कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अभ्यास में देश का नेतृत्व करेंगे। यह आयोजन स्वास्थ्य, कल्याण और सामूहिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए योग की वैश्विक भूमिका को और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि रेड रोड पर मुख्य कार्यक्रम सुबह पाँच बजे शुरू होगा, जिसमें हजारों योग साधक प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे, जबकि भारत और विदेशों में लाखों लोग वर्चुअल माध्यम से इससे जुड़ेंगे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रखी गयी है, जो स्वस्थ, सक्रिय और गरिमापूर्ण जीवन के लिए योग को आजीवन अभ्यास के रूप में अपनाने का संदेश देती है। यह विषय योग की भूमिका को निवारक स्वास्थ्य देखभाल और मानसिक-शारीरिक संतुलन के प्रभावी माध्यम के रूप में रेखांकित करता है।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय द्वारा संचालित 'योग संगम' पोर्टल पर अब तक छह लाख से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया है। यह संख्या लगातार बढ़ रही है, जो योग को जन-आंदोलन बनाने के प्रति संस्थानों, समुदायों और नागरिकों के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। देशभर में विभिन्न संस्थान, स्कूल, विश्वविद्यालय और सामाजिक संगठन योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का उत्साह वैश्विक स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के समन्वय से विदेशों में स्थित 210 से अधिक भारतीय मिशन विश्व के लगभग 2,500 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इससे स्पष्ट होता है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा अब वैश्विक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण की एक व्यापक मुहिम का रूप ले चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित