कोलकाता , अगस्त 25 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पार्क स्ट्रीट के फुटपाथ पर रहने वाली उस महिला को सरकारी आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिससे कुछ दिनों पहले कोलकाता के पार्क स्ट्रीट में बच्चे के लिए दूध उबालने को लेकर राज्य की नगर विकास एवं नगर कार्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल की तीखी बहस हुई थी।
पार्क स्ट्रीट फुटपाथ विवाद के केंद्र में रही सीता देवी अपने एक हाथ में बच्ची और दूसरे हाथ में दूध की बोतल लिए अपने एक रिश्तेदार के साथ साल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री अधिकारी से उनके 'जनतार दरबार' (जनता दरबार) जनसंपर्क कार्यक्रम के ठीक बाद मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने महिला से संक्षिप्त बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए घोषणा की कि वे कोलकाता नगर निगम को उनके परिवार के लिए उचित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सीता देवी ने कहा, "मुझे मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है।" श्री अधिकारी ने बताया कि सीता देवी ने मंत्री अग्निमित्रा पॉल से जुड़ी घटना को लेकर किसी के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे पैसे का लालच देकर लोगों को भाजपा और राज्य सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने के लिए उकसा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित