कोलकाता , सितंबर 30 -- दक्षिण कोलकाता स्थित प्रसिद्ध साउथ प्वाइंट हाई स्कूल में बुधवार को कक्षा नौवीं के एक छात्र ने मामूली विवाद के बाद अपने सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पीड़ित छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आयी हैं।
पुलिस के अनुसार, किताब फाड़ने को लेकर शिक्षक के डांट लगाने से नाराज आरोपी छात्र ने इस वारदात को अंजाम दिया। वह घर से रसोई का चाकू छिपाकर विद्यालय लाया था और दोपहर करीब 12:30 बजे कक्षा के भीतर ही छात्र पर हमला कर दिया।
घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए रुबी जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति अब स्थिर बतायी जा रही है।
गरियाहाट थाना पुलिस ने विद्यालय प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि आरोपी छात्र ऑटिस्टिक है। कानून के मुताबिक आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित