कोलकाता , अगस्त 13 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में राज्य संचालित नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वॉशरूम के अंदर कल देर रात एक नर्स मृत पाई गई। पुलिस उसकी मौत की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।
अस्पताल के कर्मियों के अनुसार स्त्री रोग विभाग में कार्यरत नर्स को वॉशरूम के अंदर अचेत अवस्था में पाया गया। उसकी खोज तब शुरू हुई जब वह लगभग एक घंटे से नर्सिंग स्टेशन में नहीं पहुंची। वह ड्यूटी पर आई और बाद में कथित तौर पर अपने साथ फेंटानिल (दर्द निवारक दवाई) की तीन शीशियां लेकर वॉशरूम गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब सहकर्मियों ने वॉशरूम का दरवाजा खटखटाया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने रात लगभग साढ़े दस बजे दरवाजा तोड़ा, तो वह अंदर बेहोश पड़ी मिली। डॉक्टरों को तुरंत सूचित किया गया और जांच के लिए उन्हें अस्पताल के बेड पर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों को आशंका है कि नर्स ने खुद को फेंटानिल का इंजेक्शन लगा लिया। इस दवा का उपयोग अस्पतालों में सर्जरी, दर्द प्रबंधन तथा एनेस्थीसिया में किया जाता है।
इस घटना ने कोलकाता के सरकारी अस्पतालों के भीतर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगस्त 2024 में, आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के एक सेमिनार रूम में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर मृत पाई गई थी, जिसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। उस घटना ने पूरे पश्चिम बंगाल और देश भर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों को जन्म दिया था, जिसके बाद सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए कई उपायों की घोषणा की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित