कोलकाता , जुलाई 12 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी के लेक टाउन इलाके में एक निजी शिक्षक को 12वीं कक्षा की छात्रा से अपने घर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, लगभग चार दिन पहले आरोपी ने छात्रा को पढ़ाई के बहाने अपने घर बुलाया था। पीड़िता का आरोप है कि पढ़ाई के दौरान उसे पेय पदार्थ दिया गया, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गयी। इसी दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। होश आने पर पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद लेक टाउन थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी।

पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को विधाननगर अदालत में पेश किया और पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की।

अदालत ले जाते समय आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए झूठे मामले में फंसाने का दावा किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच करा ली गयी है और उसका बयान दर्ज किया गया है। संदिग्ध पेय पदार्थ को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पॉक्सो अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित