रायपुर , जून 18 -- छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में विभाग के प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में विधायक भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर रोक्तिमा यादव, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

श्री बंसल ने निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को फील्ड में जाकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयावधि में पूरे किए जायें।

बैठक में विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जिले की बहुप्रतीक्षित सड़क एवं पुल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। वहीं कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिले के लिए प्रस्तावित महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं के साथ विकासखंड मुख्यालय सोनहत में सर्किट हाउस निर्माण का प्रस्ताव रखा।

सचिव बंसल ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रक्रिया का विधिवत पालन करते हुए एकीकृत प्राक्कलन भेजने पर जोर दिया, ताकि निविदा प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित