मनेन्द्रगढ़/कोरिया , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के नौगई गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं। पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार की जा रही छापेमारी के चलते आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया है।
उल्लेखनीय है कि 16 जून की रात नौगई गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन लोगों की उनकी कार समेत जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। चार अन्य आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में स्थानीय स्तर पर राजनीति से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हैं। हालांकि पुलिस ने मामले की विवेचना जारी रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की बात कही है।
कोरिया पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे शेष आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा हत्या के कारणों और षड्यंत्र से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित