मुंबई , सितंबर 29 -- कोरियाई विज्ञान-कथा रोमांचक फिल्म 'होप' 23 अक्टूबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। फिल्म की रिलीज पहले 25 सितंबर निर्धारित थी, जिसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की प्रमाणन प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया गया है।

फिल्म के अंग्रेजी संस्करण को सीबीएफसी से बिना किसी कट के प्रमाणन मिल चुका है, जबकि हिंदी, तमिल और तेलुगु डब संस्करणों की प्रमाणन प्रक्रिया जारी है। फिल्म का अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन नवंबर तक जारी रहेगा।

'द चेज़र', 'द येलो सी' और 'द वेलिंग' जैसी फिल्मों के निर्देशक ना होंग-जिन निर्देशित 'होप' की कहानी एक दूरदराज के बंदरगाह शहर में एक अज्ञात वस्तु की खोज के बाद शुरू होने वाली रहस्यमयी और खतरनाक घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है।

फिल्म में ह्वांग जंग-मिन, जो इन-सुंग, जंग हो-योन, माइकल फासबेंडर, एलिशिया विकेंडर और टेलर किट्स प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

फिल्म अमेरिका में 70 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई कर चुकी है और उसके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के तहत ब्रिटेन, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, आयरलैंड समेत अन्य देशों में भी प्रदर्शित की जा रही है।

प्लस एम एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत और फोर्ज्ड फिल्म्स द्वारा प्लस एम एंटरटेनमेंट तथा वेस्टवर्ल्ड के साथ सह-निर्मित 'होप' को भारत में स्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्रदर्शित कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित