कोरबा , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव कला में स्थित सीएसईबी के राखड़ (ऐश) बांध के फूटने से आज एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मलबे में दबकर जेसीबी चालक की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब जेसीबी चालक समेत चार मजदूर राखड़ डेम में मरम्मत कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक बांध फूट गया, जिससे राखड़ और मलबे का तेज बहाव आ गया। बहाव की चपेट में आकर जेसीबी मशीन बह गई और चालक मलबे में दब गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर दर्री थाना पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि मलबे में दबे जेसीबी और चालक को निकालने का प्रयास जारी रहा, जहां बाद में चालक के मृत होने की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित