कोरबा , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सीएसईबी क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित एक दुकान को निशाना बना कर दो लाख से अधिक का सामान चुरा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने सीएसईबी पुलिस चौकी के बगल में स्थित "मां दुर्गा डेली नीड्स" दुकान की छत की शीट तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लगभग दो लाख रुपये से अधिक के पान मसाला, महंगी सिगरेट, कोल्ड ड्रिंक एवं अन्य खाद्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोर सीएसईबी ग्राउंड की ओर से दुकान की छत पर चढ़े और शीट तोड़कर अंदर घुसे। घटना के बाद चोरों के पास पर्याप्त समय होने का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चोरी के बाद चोर ने ग्राउंड में बैठकर खाने-पीने का सामान खाया और फिर फरार हो गए।

दुकान संचालक अशोक कुमार ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर दुकान में अतिरिक्त माल भरा गया था। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर ताला यथावत लगा था, लेकिन छज्जा टूटा हुआ मिला और अंदर से महंगे सामान के साथ नकदी भी गायब थी। उन्होंने बताया कि चोरी से लगभग दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

गौरतलब है कि होली के मद्देनजर जिले में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया था और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई थी। वहीं, पुलिस चौकी से सटे क्षेत्र में चोरी की इस वारदात ने रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि घटना की रात चौकी में अतिरिक्त बल भी तैनात था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित