कोरबा , जनवरी 15 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत खपराभठा क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता के घर के पास घरेलू गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। तेज धमाके के साथ आग फैलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना मंजू मिस्त्री नामक अधिवक्ता के निवास पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई। निर्माण कार्य में लगे मजदूर छत्रपाल सिंह मरकाम और सुबोध राठिया छत पर सामान चढ़ा रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से किसी तार का संपर्क हो गया, जिससे अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए घर में रखे घरेलू गैस सिलेंडर तक पहुंच गई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हो गया।

विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे के चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि हाई टेंशन लाइन में स्पार्किंग के कारण वोल्टेज बढ़ गया, जिससे बुधवारी और आसपास के इलाकों के कई घरों में विद्युत उपकरण जल गए।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है, वहीं बिजली विभाग को भी स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार कार्य शुरू कराया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित