कोरबा , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल फोन को लेकर भाई-बहन के बीच हुए विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्या पुरी की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या पुरी निवासी शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसके पिता बकरे का कारोबार करते हैं। गत 31 अक्टूबर की रात सानिया और उसके भाई के बीच मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर उनकी मां ने मोबाइल अपने पास रखकर छिपा दिया।
बताया गया है कि दोनों बच्चों के बीच लगातार मोबाइल को लेकर हो रहे झगड़े से परेशान मां ने कहा, "तुम लोग मोबाइल के चक्कर में लड़ते रहते हो, इसलिए किसी को मोबाइल नहीं दूंगी।" इसके बाद सानिया नाराज होकर घर के टॉयलेट में चली गई।
परिजनों के अनुसार, काफी समय बीतने के बावजूद सानिया बाहर नहीं निकली तो उसके पिता ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। भीतर सानिया फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित